राष्ट्र वंदन – शहीदों को नमन

 

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर SRRO द्वारा आयोजित राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

दिनांक: 14 अगस्त 2026, शुक्रवार
समय: सायं 04:00 बजे से
स्थान: राजधानी कॉलेज, राजा गार्डन, नई दिल्ली
आयोजक: Social Reforms and Research Organization (SRRO)

सहयोग : हिंदी अकादमी, दिल्ली सरकार

कार्यक्रम रिपोर्ट

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर Social Reforms and Research Organization (SRRO) द्वारा देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करने तथा युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से “राष्ट्र वंदन – शहीदों को नमन” कार्यक्रम का आयोजन 14 अगस्त 2026 को  कॉलेज, राजा गार्डन, नई दिल्ली में किया गया।राजधानी

कार्यक्रम में शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कलाकारों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की भावना का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

दीप प्रज्वलन एवं प्रारंभिक कार्यक्रम

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम का संचालन आर्या झा द्वारा किया गया, जिन्होंने कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों, अतिथियों के स्वागत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया। दीप प्रज्वलन में श्री मनोज गुप्ता, प्रान्त संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच, दिल्ली, डॉ. नीति शर्मा, सचिव, पूर्वोदय संस्था, श्री मुकेश मान, उपाध्यक्ष, SRRO सहित गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

इसके पश्चात सभी उपस्थित लोगों ने खड़े होकर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय का कुलगीत प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में श्री गौरव जैन, संस्थापक कोषाध्यक्ष, SRRO द्वारा स्वागत भाषण दिया गया। इसके पश्चात श्री मनोज गुप्ता, प्रान्त संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच, दिल्ली ने अपने संबोधन के दौरान उपस्थित सभी लोगों को स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और स्वदेशी के माध्यम से राष्ट्र की आर्थिक शक्ति को मजबूत करने का आह्वान किया। डॉ. नीति शर्मा, सचिव, पूर्वोदय संस्था ने अपने संबोधन में सामाजिक जागरूकता, राष्ट्रहित और युवाओं की सकारात्मक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सभी से समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने राष्ट्रप्रेम, स्वदेशी भावना, राष्ट्रीय एकता तथा देश के वीर सपूतों के बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

प्रारंभिक औपचारिक कार्यक्रम के बाद भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम को हिंदी अकादमी, दिल्ली सरकार का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। हिंदी अकादमी द्वारा कलाकारों की सहभागिता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के आयोजन में सहयोग प्रदान किया गया, जिससे कार्यक्रम की सांस्कृतिक गरिमा और भव्यता को विशेष बढ़ावा मिला।

हिंदी अकादमी, दिल्ली सरकार के कलाकारों, राजधानी कॉलेज की विभिन्न सोसायटियों तथा विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत अनेक मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम के वातावरण को राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक गौरव और उत्साह से भर दिया।

कार्यक्रम की प्रमुख प्रस्तुतियों में—

  • वंदे मातरम् पर समूह नृत्य प्रस्तुति
  • भारत माता का जलवा समूह नृत्य
  • कुमारी दीपिका आनंद द्वारा देशभक्ति काव्य पाठ
  • राजधानी कॉलेज की फैशन सोसायटी Panache (पनाश) द्वारा विशेष प्रस्तुति
  • राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति को दर्शाता घूमर नृत्य
  • देश रंगीला नृत्य प्रस्तुति
  • राजधानी कॉलेज की संगीत सोसायटी द्वारा रुबाइयात की प्रस्तुति
  • “अबके बरस तुझे धरती की रानी कर देंगे” नृत्य प्रस्तुति
  • जय हो समूह नृत्य प्रस्तुति
  • “लहरा दो, तिरंगा” समूह नृत्य प्रस्तुति

विशेष रूप से हिंदी अकादमी, दिल्ली से जुड़े कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में देशभक्ति और सांस्कृतिक विविधता का रंग भर दिया। वहीं राजधानी कॉलेज की संगीत एवं फैशन सोसायटी की प्रस्तुतियों ने युवाओं की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम की अंतिम सांस्कृतिक प्रस्तुति “लहरा दो, तिरंगा” रही, जिसने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

नशा मुक्ति की शपथ

सांस्कृतिक कार्यक्रम के उपरांत कुमारी वंदिता द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सभी युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

यह पहल कार्यक्रम के राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक जागरूकता के संदेश को और अधिक प्रभावशाली बनाने वाली रही।

समापन समारोह एवं सम्मान

समापन समारोह में श्री सुन्दर डागर जी एवं प्रो. डॉ. दर्शन पाण्डेय जी, प्राचार्य, राजधानी कॉलेज द्वारा अपने संबोधन के माध्यम से कार्यक्रम के उद्देश्यों, राष्ट्रप्रेम तथा युवाओं की सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला गया। इसके पश्चात श्री प्रमोद कुमार जी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, संस्थानों, कलाकारों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम के अंत में Event University के श्री पीयूष माटा जी, हिंदी अकादमी, दिल्ली सरकार, लक्की हिंदुस्तानी तथा राजधानी कॉलेज को उनके सहयोग एवं सहभागिता के लिए सम्मानित एवं अभिनंदित किया गया।

राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं सभी अतिथियों से जलपान हेतु आमंत्रित किया गया।

निष्कर्ष

“राष्ट्र वंदन – शहीदों को नमन” कार्यक्रम ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति, युवा प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के माध्यम से देश के वीर शहीदों के बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उपस्थित जनसमुदाय को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भारत की विविध एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। वहीं स्वदेशी अपनाने की शपथ और नशा मुक्ति की शपथ ने स्वस्थ, आत्मनिर्भर एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण का महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश दिया।

SRRO द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक गौरव, सामाजिक जागरूकता और युवा सहभागिता का प्रभावशाली संगम रहा तथा सभी उपस्थित लोगों के मन में देश के वीर शहीदों के प्रति श्रद्धा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक प्रबल करने में सफल रहा।

जय हिन्द!
वन्दे मातरम्!

 

Share This:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top